चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर कोरोना से संक्रमित हो गईं हैं। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा है कि वह कोरोना संक्रमित हो गईं हैं। पिछले कुछ दिनों में जो भी उनके संपर्क में आए हैं, वो अपनी कोरोना जांच करा लें। बता दें कि सांसद खेर बीते दिनों में शहर के अलग-अलग हिस्सों में कई उद्घाटन व शिलान्यास के कार्यक्रमों में शामिल हुईं थीं, जिसमें मेयर अनूप गुप्ता, नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा, स्थानीय पार्षद व अन्य लोग शामिल थे। सांसद खेर डीएवी कॉलेज के एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी नजर आईं थीं।
चार नए मरीज मिले
चंडीगढ़ में सोमवार को कोरोना के चार नए मरीज मिले। संक्रमण दर 2.16 प्रतिशत पर पहुंच गई। चिंता की बात यह है कि तीन महीने बाद एक बार फिर संक्रमण दर दो प्रतिशत के पार पहुंच गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या 21 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 24 घंटे में 185 लोगों की जांच की। इनमें से तीन महिलाओं और एक पुरुष में संक्रमण की पुष्टि हुई है। संक्रमित मरीजों में सेक्टर 46, धनास, डड्डूमाजरा और सेक्टर-38 वेस्ट का एक-एक मरीज शामिल है। वहीं सात दिन की अवधि पूरी करने पर एक मरीज को छुट्टी दे दी गई। पीजीआई में ऑक्सीजन बेड पर तीन मरीज भर्ती हैं।