आरएसएस नेता रिटायर्ड ब्रिगेडियर जगदीश गगनेजा पर हमले की वारदात में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस ने केस में अहम जानकारियां जुटाने के लिए लुधियाना जेल में बंद शिवसेना नेता अमित अरोड़ा समेत चार युवकों को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। सभी को जालंधर सीआईए लाकर पूछताछ शुरू कर दी है। कमिश्नर अर्पित शुक्ला का कहना है कि पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और साथ ही उन्हें कई सुराग मिले हैं।
चारों आरोपियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको सात दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस ने जिस समय चारों आरोपियों शिव सेना नेता अमित अरोड़ा, सिमर डिसूजा, मनी और भारती को अदालत में पेश किया, इस दौरान परिसर में मीडिया के दाखिले पर प्रतिबंध लगा दिया गया। डिवीजन नंबर चार के एसएचओ परमजीत सिंह चारों आरोपियों को लुधियाना से लेकर आए और अदालत में पेश करने के बाद चारों को न्यायाधीश व अन्य अधिकारियों के वाहन के आने-जाने वाले रास्ते से निकाल लिया।