कुरुक्षेत्र। अजय देवगण की सिंघम रिटर्न का जलवा आम दर्शकों के अलावा हरियाणा पुलिस के भी सिर चढ़ कर बोल रहा है। पुलिस के अधिकारी एवं चार सौ कर्मचारी सोमवार को ड्यूटी से छुट्टी लेकर सिंघम रिटर्न देखने कुरुक्षेत्र के मल्टीप्लेक्स पहुंचे।
इनमें कुरुक्षेत्र के थाना और पुलिस चौकियों के प्रभारियों के अलावा डीएसपी नुपूर बिश्नोई और अन्य पुलिस अधिकारी भी शामिल रहे। तनाव भरी ड्यूटी के बीच शायद ये पहला मौका था, जब जिला पुलिस के इतने अधिकारी और कर्मचारी एक साथ पूरा शो बुक करके सिनेमा देखने पहुंचे थे।
खास बात ये है कि थाना शहर थानेसर के एसएचओ राम कुमार सहित ऐसे कई पुलिस वाले थे। जो सिंघम रिटर्न को कई बार पहले ही देख चुके थे। मल्टीप्लेक्स करीब 400 लोगों के लिए बुक किया गया था। सिंघम रिटर्न के इस शो में पुलिस अधीक्षक अश्विनी शैणवी को भी पहुंचना था,लेकिन एक जरूरी मीटिंग के कारण वे इस शो में नहीं पहुंच सके। इस दौरान डीएसपी नुपूर बिश्नोई सिंघम देखने जरूर पहुंचीं थीं।
फिल्म देखकर शो से बाहर आए अधिकांश पुलिस वाले अजय देवगन से प्रेरित नजर आए और उनके चेहरे पर एक अलग जोश और उत्साह नजर आया। कर्मचारियों के मुताबिक फिल्म में पुलिस का जो दमदार और आदर्शवादी चित्रण प्रस्तुत किया गया है। वह बहुत अच्छा है। कुरुक्षेत्र के एसपी भी चाहते हैं कि आदर्श पुलिस का चेहरा प्रस्तुत करने वाली इस फिल्म को ज्यादा से ज्यादा पुलिस कर्मी देखें। इसकी योजना जिला पुलिस के आलाधिकारियों ने कई दिनों पहले बनाई थी,लेकिन व्यस्तताओं के बीच तीन से साढ़े पांच बजे का शो देखने का समय तय हुआ।
सिटी प्रभारी देखने पहुंचे दूसरी बार
थाना सिटी के एसएचओ रामकुमार के मुताबिक पुलिस चाहे कहीं की भी हो,सेवा,सुरक्षा और सहयोग उनका कर्तव्य होता है। जिस वातावरण में पुलिस अपनी जिम्मेदारी निभाती है,उसे एक पुलिस वाले से ज्यादा दूसरे के लिए समझना कठिन है,लेकिन फिल्म एक मनोरंजन का साधन होने के साथ-साथ जागरूक करने में भी अहम किरदार निभाता है। रामकुमार के मुताबिक उन्होंने आज ये फिल्म दूसरी बार देखी।