जीरकपुर। नाभा गांव में जमीन कब्जाने की साजिश में देर रात हथियारबंद लोगों ने केयरटेकर की पिटाई कर जेसीबी से जमकर तोड़फोड़ की। आधी रात को आरोपियों ने जमीन के चारों तरफ लगी आरसीसी की चारदीवारी, गेट, केयरटेकर क्वार्टर, शेड, बिजली का कमरा और सीसीटीवी कैमरे तोड़ डाले। दो जेसीबी की मदद से करीब 12 लोगों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने जाते समय केयरटेकर को दोबारा आकर जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक कंपनी के चार निदेशकों सहित करीब 12 अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। सेक्टर-10ए चंडीगढ़ निवासी शिवजीत सिंह सिद्धू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव नाभा में उनकी वर्ष 2006 से जमीन है। उसके चारों तरफ आरसीसी की चारदीवारी, गेट, केयरटेकर क्वार्टर, शेड, बिजली का कमरा और सीसीटीवी कैमरे लगे थे। 25 अप्रैल की रात करीब 1.20 बजे सात हथियारबंद लोग दीवार फांदकर अंदर घुस आए और केयरटेकर मनोज शर्मा को बंधक बनाकर मारपीट की। मौके पर खड़ी कार में तोड़फोड़ कर आरोपी उसमें रखी नकदी भी ले गए। थाना जीरकपुर के एसएचओ सतिंद्र सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद जांच की गई। इसके बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश में छापे मारे जा रहे हैं।