चंडीगढ़। सेक्टर-9 पुलिस मुख्यालय से महज 200 मीटर दूर स्थित शराब ठेके पर फायरिंग के मामले में नया खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि ठेके पर फायरिंग के आरोपी शूटरों को एक से दूसरी जगह तक ले जाने के लिए फॉर्च्यूनर गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस ने कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद के गांव कुम्हार माजरा निवासी मनजिंदर सिंह विर्क के फार्महाउस से वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर (एचआर01एजे6400) को बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि मनजिंदर सिंह अपने दो साथियों अंबाला निवासी मंदीप उर्फ जिओना और कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद निवासी रणजीत सिंह उर्फ जैंती के साथ मिलकर शूटर अमरप्रीत उर्फ रिंकू उर्फ टोपी व दविंदर चावला को इसी फॉर्च्यूनर से एक से दूसरी जगह पहुंचाने में मदद करते थे।
वारदात के एक दिन पहले सभी खरड़ स्थित एक फ्लैट में ठहरे थे, जबकि वारदात में शामिल होंडा अमेज कार को पुलिस यमुनानगर के जगाधरी से बरामद कर चुकी है। उधर, पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बीते 31 मई को शराब कारोबारी अरविंद सिंगला के भाई राकेश सिंगला के सेक्टर-33 स्थित कोठी पर फायरिंग के आरोपी शूटरों को भगाने में भी इसी फॉर्च्यूनर का इस्तेमाल किया गया था। वहीं, पुलिस अब इन सभी आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस का दावा है इन्हें जल्द गिरफ्तार लिया जाएगा।