फरीदकोट अदालत में पेशी के लिए लाए गए पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा
बहिबल गोलीकांड के आरोपी व मोगा के तत्कालीन एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा को स्थानीय जेएमआईसी चेतन शर्मा की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फरीदकोट जेल में पहुंचने के कुछ समय बाद जेल विभाग ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उन्हें यहां से पटियाला जेल में शिफ्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार बहिबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड मामले की जांच कर रही एसआईटी ने बहिबल गोलीकांड मामले में मोगा के तत्कालीन एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा को 27 जनवरी को उनके होशियारपुर स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। वह 11 दिनों से पुलिस रिमांड पर चल रहे थे।
पेशी के दौरान पूर्व एसएसपी ने अदालत से आग्रह किया कि वह लंबे समय तक फरीदकोट व मोगा में बतौर एसएसपी तैनात रहे हैं और उन्होंने कई कुख्यात नशा तस्करों व गैंगस्टरों पर कार्रवाई की थी। जो कि इन दिनों फरीदकोट, फिरोजपुर और बठिंडा की जेलों में बंद है।
ऐसे में उन्हें इन तीन जेलों में ना भेजा जाए लेकिन अदालत ने उनके इस आग्रह को खारिज करते हुए उन्हें फरीदकोट जेल भेजने का आदेश दिया। फरीदकोट जेल पहुंचने के करीब एक घंटा बाद ही जेल प्रशासन ने उन्हें पटियाला जेल के लिए रवाना कर दिया।
एडीजीपी (जेल) रोहित चौधरी ने बताया कि फरीदकोट जेल प्रशासन ने विभाग को सूचित किया था कि मोगा से संबंधित कई अपराधी फरीदकोट जेल में बंद है जिनसे पूर्व एसएसपी की जान को खतरा हो सकता है। इसके चलते जेल विभाग ने अपने अधिकार का उपयोग करते हुए उन्हें पटियाला जेल शिफ्ट कर दिया। उधर अदालत में पेशी के दौरान पूर्व एसएसपी चरनजीत सिंह शर्मा अपनी बेटी से मिलकर भावुक हो गए।