फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुल्तानी कांड: एसआईटी के सामने पेश नहीं हुए पूर्व डीजीपी सैनी, जवाबों से संतुष्ट नहीं हैं अधिकारी

Wed, 30 Sep 2020 01:15 PM IST
खुशबू गोयल अमित शर्मा, मोहाली
विज्ञापन
सुमेध सैनी पहुंचे थाने - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी 29 साल पुराने बलवंत सिंह मुल्तानी के अगवा और हत्या के मामले में एसआईटी के सामने पेश नहीं हुए। उनके वकीलों का कहना है कि वह तंदुरुस्त नहीं है। डॉक्टरों ने उन्हें टेस्ट कराने की सलाह दी है। इस समय वह दिल्ली में हैं। इस बारे में उन्होंने एसआईटी को अपना जवाब भेज दिया है। हालांकि इससे पहले ही अंदेशा जताया जा रहा था कि वह एसआईटी के सामने पेश नहीं होंगे। क्योंकि जब सोमवार को पेश हुए थे तो उसी दौरान उन पर बरगाड़ी कांड मामले में केस दर्ज हो गया था।
विज्ञापन


जवाबों से संतुष्ट नहीं एसआईटी
सुमेध सिंह सैनी से सोमवार को मटौर थाने में पुलिस ने 6 घंटे पूछताछ की थी। इसके बावजूद एसआईटी पूर्व डीजीपी सैनी के जवाबों सें संतुष्ट नहीं है। इसलिए बुधवार को एसआईटी ने दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया था। इसके लिए एसआईटी ने सैनी को मंगलवार को नया नोटिस भेजा। नोटिस की कॉपी उन्हें मेल, व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से भेजने के साथ ही उनकी कोठी पर चिपकाई। इस नोटिस में सैनी को बुधवार सुबह 11 बजे मटौर थाने में एसआईटी के सामने पेश होने का आदेश दिया गया था, लेकिन वह नहीं आए।
विज्ञापन

पुलिस की ओर से सैनी पर पूरा शिकंजा कसा जा रहा है

सोमवार को पूर्व डीजीपी सैनी से 6 घंटे पूछताछ के दौरान एसआईटी की ओर से किए गए सभी सवाल उन लोगों के बयानों पर आधारित थे, जो मामले में सरकारी गवाह बन गए थे, लेकिन मामला पुराना होने के चलते कई सवाल तो सैनी के लिए भी चौंकाने वाले थे। हालांकि सैनी ने एसआईटी के सामने साफ किया था कि वह इस मामले में शामिल नहीं हैं। उन पर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं, उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। 

वहीं, जांच के समय उनके वकील भी थाने में मौजूद थे, लेकिन जिस कमरे में सैनी से पूछताछ की गई, उसमें वह साथ नहीं जा पाए थे। हालांकि इस पूछताछ के बाद यह साफ हो गया था कि एसआईटी सैनी से दोबारा पूछताछ करेगी। जानकारों की मानें तो अब पुलिस की ओर से सैनी पर पूरा शिकंजा कसा जा रहा है। उन पर सोमवार को बेअदबी कांड में भी केस दर्ज हो गया है। हालांकि अभी पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकती।

सैनी की सुरक्षा रहेगी सख्त
पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है लेकिन जब भी उन्हें जांच के लिए बुलाया जाता है, उस समय थाने के रूट और अन्य इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया जाता है। इतना ही नहीं कई थानों की पुलिस स्टैंड बाई में रहती है। इसके पीछे सैनी की सुरक्षा ही है। भले ही सैनी पंजाब पुलिस से रिटायर्ड हो चुके हैं, लेकिन अब भी वह कई मामलों की कमेटियों के प्रधान पद पर काबिज हैं। उनका पुराना रसूख बना हुआ है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें