अरुण नारंग को पटका पहनाते सीएम भगवंत मान।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर के पूर्व भाजपा विधायक अरुण नारंग बुधवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात के बाद आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। पूर्व विधायक अरुण नारंग 2017 विधानसभा चुनाव में अबोहर से सुनील जाखड़ को हराकर विधायक बने थे लेकिन सुनील जाखड़ के भाजपा में शामिल होने व हाईकमान की ओर से जाखड़ को पंजाब भाजपा का अध्यक्ष बनाए जाने के कारण वे अपनी पार्टी से खफा थे। उन्होंने पहले भाजपा छोड़ने का एलान कर दिया था। किसान आंदोलन के दौरान नारंग किसानों के निशाने पर भी आए थे। उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया था।
पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम से मुलाकात के दौरान यह कयास सही साबित हुए और सीएम भगवंत मान ने उन्हें आम आदमी पार्टी में शामिल करवा दिया।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद अरुण नारंग ने कहा कि उनकी सीएम से मीटिंग के दौरान पंजाब के अनेक मुद्दों खासकर अबोहर को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री के प्रोग्राम के अनुसार अबोहर में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे और उन्हें पार्टी में जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, वे तनदेही से उसे निभाएंगे।