चंडीगढ़ के मनीमाजरा में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई वारदात ने लोगों में खौफ पैदा कर दिया। बैंक कॉलोनी में 75 वर्षीय पूर्व सेना अधिकारी धर्मपाल को एक युवक ने गली में घेरकर चाकू की नोक पर लूट लिया।
आरोपी ने उनसे पांच हजार रुपये छीने और भाग निकला। हालांकि पूर्व आर्मी अफसर ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया था। बुजुर्ग का साहस देखकर युवक घबरा गया और पंजाबी में धमकी दी बाबे हाथ छोड़ दे, नहीं तो चाकू मार दूंगा। इसके बाद आरोपी हाथ छुड़वाकर फरार हो गया। पीड़ित ने पकड़ने के लिए आवाज भी लगाई लेकिन उस समय कोई आसपास नहीं था।
बेटे ने दिए थे पैसे
पीड़ित धर्मपाल के बेटे तरुण ने बताया कि उनके पिता मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस से रिटायर्ड हैं। रविवार दोपहर वे पार्क में टहल रहे थे। तरुण ने बताया कि वह किसी काम से घर से निकले थे। अचानक पिता पार्क के पास पैदल आते हुए मिल गए। उन्होंने पिता को 5 हजार रुपये घर देने के लिए कहा। जैसे ही वह गली के कोने में पहुंचे कि अचानक एक युवक ने उन्हें पकड़ लिया और लूट को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें: Mohali: नयागांव में बरसाती नदी में आया उफान, तेज बहाव में बही जीप; जेसीबी से निकाली... देखें Video
काफी देर से पीछा कर रहा था आरोपी
तरुण ने कहा कि शायद आरोपी ने उन्हें पैसे पकड़ाते हुए देख लिया होगा, जिससे उनके पिता का पीछा करने लगा। आरोपी काफी देर से पीछा करता हुआ आ रहा था। उसने कई बार बुजुर्ग को लूटने की कोशिश की लेकिन जहां-जहां लोग दिखे, वहां वारदात करने से रुक जाता था। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपी ने पंजाबी भाषा में धमकी दे रहा था। पुलिस का मानना है कि आरोपी मनीमाजरा का निवासी हो सकता है।
शहर में झपटमारों का आतंक
पिछले दिनों सेक्टर-38 में दिनदहाड़े दो महिलाओं की चेन झपट ली गई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लुधियाना से चोरी की बाइक इस्तेमाल की थी। वारदात कैमरे में कैद हुईं लेकिन पुलिस अभी तक अपराधियों को पकड़ नहीं सकी। सवाल है कि आखिर कैसे चोरी की बाइक शहर में घूमती रहती है। शहर में 2 हजार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं लेकिन फिर भी अपराधी दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे हैं।
मनीमाजरा बना अपराधियों का अड्डा
लोगों का आरोप है कि इन दिनों मनीमाजरा में झपटमारी, चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस अक्सर मामले दर्ज करने से बचती है ताकि आंकड़े न बढ़ें। इसका फायदा अपराधियों को मिलता है और वे खुलेआम वारदात कर रहे हैं।