बेटियो के लिए आवाज उठाने और उन्हें समाज में सम्मान देने के लिए हर नागरिक का फर्ज बनता है। शहर को बेटियों के लिए सुरक्षित बनाने के लिए हर किसी का योगदान जरूरी है।
कुछ इस तरह के विचार वीरवार को पंजाब यूनिवर्सिटी में शहर की कई जानी मानी हस्तियों ने रखे। समाज सेवी संस्था युवसत्ता की ओर से वुमन इंटरनेशनल डे के मौके पर पीयू के आईसीएसएसआर भवन में मेकिंग चंडीगढ़ गर्ल्स एंड वुमन फ्रेंडली... ए स्टेप टूवर्ड ह्यूमन राइट्स सिटी पर वर्कशॉप का आयोजन किया गया।
इस मौके पर मुख्य अतिथि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि महिलाओं के प्रति भेदभाव की सोच को मिटाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि बेटियों या महिलाओं के प्रति किसी तरह के अत्याचर के खिलाफ अभिभावकों को आवाज उठानी चाहिए। सांसद पवन कुमार बंसल ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम का संचालन युवसत्ता संयोजक प्रमोद शर्मा ने किया। देश भर में बेटियां ही बचाएंगी... अभियान के लिए अमर उजाला को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया।
अमर उजाला चंडीगढ़ के डिप्टी एडिटर श्यामाकांत दुबे ने यह पुरस्कार हासिल किया। कार्यक्रम में शहर के विभिन्न कालेज से 150 से अधिक एनएसएस वालंटियर्स, एनजीओ और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने भी हिस्सा लिया।