इस बार रावण की बहन सूर्पनखा हवा में उड़ती हुई दिखाई देगी। 100 मीटर दूर से वह उड़ती हुई रामलीला के मंच पर पहुंचेगी। इस दौरान चारों तरफ अंधेरा होगा, साथ ही डरावनी और भयानक आवाज भी लोगों के बीच गूंजेंगी। इस तरह का आयोजन मनीमाजरा के द नेशनल एडी क्लब द्वारा रामलीला में किया जा रहा है।
क्लब के प्रधान चमन लाल ने बताया कि 22 सितंबर से शिव ठाकुरद्वारा मंदिर में रामलीला शुरू होगी। 29 सितंबर को होने वाले सूर्पनखा और लक्ष्मण के मिलन के सीन के लिए उन्होंने इस बार विशेष तैयारियां की है। चमन लाल ने बताया कि इस सीन और रामलीला की तैयारियां पिछले रविवार से शुरू हो गई हैं।
उन्होंने कहा कि सूर्पनखा के सीन को हॉरर बनाने के लिए क्लब के निदेशक देवेंद्र शर्मा, सहायक निदेशक अश्विनी सोनी, महासचिव राकेश वर्मा, कैशियर गुलशन गांधी, पवन पुरी दिन रात मेहनत कर रहे हैं। इस सीन के लिए म्यूजिक का भी विशेष प्रबंध किया है।
टीएफटी डांस एंड थियेटर फेस्टिवल 22 से
चंडीगढ़। मल्टीकल्चरल सेंटर कुरुक्षेत्र (हरियाणा कला परिषद) और पंजाब आर्ट काउंसिल के सहयोग से थियेटर फॉर थियेटर तीन दिवसीय डांस और थियेटर फेस्टिवल का आयोजन कर रहा है। इसका आयोजन टैगोर थियेटर में 22 से 24 सितंबर तक होगा।
इसकी जानकारी टीएफटी के प्रधान मदन गुप्ता सपाटू और डायरेक्टर सुदेश शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। फेस्टिवल के पहले दिन केरल के लोक नाच की प्रस्तुति होगी।
दूसरे दिन नेहा शर्मा का लिखा नाटक वो चार दिन का मंचन होगा इसका निर्देशन सुदेश शर्मा ने किया है। तीसरे और आखिरी दिन केसरो नाटक का मंचन होगा। इसे बलवंत गार्गी ने लिखा है और वीणा धीर ने निर्देशित किया है।