चंडीगढ़। 12 जनवरी को मुंबई से चंडीगढ़ पहुंची इंडिगो की एक उड़ान मौसम खराब होने के कारण रात को आसमान में चक्कर काटकर दोबारा मुंबई लौट गई। इस यात्री विमान में करीब 234 यात्री सवार थे।
विमान में सवार यात्रियों ने बताया कि इस विमान को मुंबई से करीब 8.20 बजे इस विमान को चंडीगढ़ रवाना होना था पर यह देरी के कारण मुंबई से 9.35 पर चंडीगढ़ के लिए रवाना हुआ। चंडीगढ़ में विमान की लैंडिंग रात 11.40 बजे होनी थी लेकिन यह चंडीगढ़ में उतर ही नहीं सकी। यह विमान चक्कर लगाता रहा और बताया गया कि उड़ान की लैंडिंग संभव नहीं है। ऐसे में विमान को दोबारा मुंबई के लिए ही डायवर्ट कर दिया गया।
विमान में सवार एक यात्री रचित गोयल ने बताया कि पहले तो यह विमान पहले करीब एक घंटा चालीस मिनट की देरी से चला। यात्री इसकी वजह से काफी परेशान रहे। फिर चंडीगढ़ में इसकी लैंडिंग न होने के कारण यात्रियों को काफी ज्यादा परेशानी हुई।
दो घंटे बाद यह विमान फिर से मुंबई लौट आया और यात्रियों को वहां उतार दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि चंडीगढ़ में लैडिंग नहीं हो सकती थी तो इंडिगो ने उड़ान क्यों नहीं रोकी। यात्रियों को क्यों परेशानी में डाला गया।