चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट ने उड़ान भरी
- फोटो : अमर उजाला
फ्लाई दुबई एयरलाइंस चंडीगढ़ से रोजाना दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है। इसके लिए बाकायदा कंपनी ने विंटर शेड्यूल भी तैयार कर लिया है। यह भी स्पष्ट किया है कि मंजूरी के तीन सप्ताह केभीतर ही यह उड़ाने शुरू कर दी जाएंगी।
यह जानकारी केंद्र सरकार द्वारा हाईकोर्ट को तब दी गई, जब दुबई की ओर से भारत सरकार को जारी किए गए चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान शुरू करने में दिलचस्पी दिखाने वाले पत्र के बारे में बताया गया। जब यह पता चला कि यह पत्र 14 जून को लिखा गया था और इस पर दिलचस्पी नहीं दिखाई गई थी, तो केंद्र सरकार को हाईकोर्ट ने फटकार लगाई।
वीरवार को हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से पिछले आदेशों पर अमल के बारे में जानकारी मांगी। इस पर जानकारी देते हुए केंद्र सरकार ने बताया कि रनवे की रिकार्पेंटिंग का काम शुरू करने के लिए टैंडर प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। टैंडर इसी वर्ष खोल दिए जाएंगे। इस दौरान खानपान के स्टॉल के बारे में बताया गया कि एक माह के भीतर यह पूरी व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।
इस दौरान दुबई सरकार के भारत सरकार को लिखे गए पत्र का जिक्र किया गया, जिसमें बताया गया कि दुबई ने चंडीगढ़ से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू करने में दिलचस्पी दिखाने वाली एयरलाइंस फ्लाई दुबई के लिए सिफारिश की थी और इसके लिए जून में पत्र लिखा था। हाईकोर्ट को पत्र और इस पर केंद्र सरकार की तरफ से दिए जवाब की कॉपी सौंपी गई।
हाईकोर्ट के सामने रखा गया दुबई की ओर से जारी पत्र
Chandigarh International Airport
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट ने कहा कि जिस प्रकार का जवाब दिया गया है वह फ्लाइट शुरू करने के हाईकोर्ट के प्रयासों के उलट है। इस पर केंद्र सरकार ने कहा कि स्लॉट को लेकर कुछ समस्या थी, क्योंकि दुबई की एयरलाइंस के पास इंडियन एयर लाइंस से ज्यादा स्लॉट था।
इसके बाद जब दोबारा उनका पत्र आया तो उसमें बताया गया कि दोनों देशों की एयरलाइंस के स्लॉट में अब बैलेंस बन चुका है और अब भी वे चंडीगढ़ से फ्लाइट शुरू करने में रुचि रखते हैं। इसपर हाईकोर्ट ने कहा कि यह मामला पूरी गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि यदि उनकी उड़ान आरंभ होती है तो यह हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल सहित आस-पास के क्षेत्र से विदेश यात्रा करने वालों के लिए बहुत उपयोगी होगा।
इस दौरान केंद्र सरकार ने बताया कि फ्लाई दुबई की चंडीगढ़ से रोजाना दो इंटरनेशनल फ्लाइट की योजना है और उन्होंने कहा है कि अनुमति मिलने के तीन सप्ताह के भीतर ही वे उड़ान शुरू कर देंगे।