मनीमाजरा। मॉडर्न हाउसिंग कांप्लेक्स सेक्टर-13 की आरडब्ल्यूए ने इलाके में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों में खामियों को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। इस संबंध में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष कर्नल गुरसेवक सिंह ने परमजीत ठाकुर के साथ यूटी के अतिरिक्त उपायुक्त एवं एमपीलैड्स के नोडल अधिकारी अमनदीप सिंह भट्टी से मुलाकात की।
बैठक के दौरान उन्होंने बताया कि एमपीलैड स्कीम के तहत नगर निगम द्वारा लगाए गए कैमरों का सही तरीके से उपयोग नहीं हो पा रहा है। मुख्य समस्या मॉनिटर या डिस्प्ले स्क्रीन की अनुपलब्धता है, जिससे लाइव फुटेज या रिकॉर्डिंग देखना संभव नहीं हो रहा। इसके अलावा, किसी घटना या चोरी की स्थिति में जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं होने से लोगों में भ्रम की स्थिति बनी रहती है कि पुलिस से संपर्क करें या नगर निगम से। पावर बैकअप की व्यवस्था न होने के कारण बिजली कटते ही डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर की तारीख और समय रीसेट हो जाता है।
आरडब्ल्यूए ने यह भी शिकायत की कि कैमरों की लोकेशन का कोई नक्शा उपलब्ध नहीं कराया गया है, जिससे निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इन कमियों को दूर कर ही इस परियोजना को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने मांग की कि मॉनिटर, पावर बैकअप और अन्य आवश्यक सुधारों के लिए जल्द अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराया जाए। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि एमसी कमिश्नर और स्थानीय एसएचओ को भी भेजी गई है।