सिलेंडर फटने के बाद मौके का दृश्य।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना के बस्ती जोधेवाल के कुलदीप नगर इलाके में सोमवार रात को एक घर में सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इससे तीन बच्चों सहित दंपती घायल हो गया। सभी को ईएसआई अस्पताल में दाखिल कराया गया। घायलों की पहचान राजू शाह (38), पत्नी बबिता (35), बेटा कृष्ण कुमार (10), बेटा शिव भान (8) और बेटा आशिक कुमार (5) के रुप में हुई है।
बबिता को गंभीर हालत में पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची। बच्चों सहित राजू शाह की हालत खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार बबिता सब्जी बेचने का काम करती है, जबकि राजू घर के पास ही एक छोटा सा ढाबा चलाता है।
सोमवार की रात दुकान और ढाबा बंद करने के बाद दोनों बच्चों के साथ घर पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक से सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। जोरदार धमाके की आवाज सुन कर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। ब्लास्ट से घर की छत को काफी नुकसान हो चुका था। इसके साथ ही अंदर पड़ा सामान भी क्षतिग्रस्त हो चुका था और पांचों लोग खून से लथपथ पड़े हुए थे।
सभी घायलों को पास के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां से उन्हें ईएसआई अस्पताल रेफर कर दिया गया। गंभीर हालत में बबिता को पटियाला रेफर कर दिया। लोगों का कहना है कि राजू बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में गैस भरता है। गैस भरते समय ही यह हादसा हुआ है। पुलिस जांच कर रही है कि ब्लास्ट कैसे हुआ।