चंडीगढ़। डड्डूमाजरा कॉलेनी में पांच लोगों ने घर में घुसकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया। मलोया थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कमल उर्फ भीम, संजू उर्फ कांचा, सूरज उर्फ कांचा, साहिल उर्फ ब्रैड व रिदम उर्फ नोनी के रूप में हुई है।
विक्की के भाई सम्मी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 30 मई को परिवार के साथ शादी में गया हुआ था। उस समय विक्की घर पर अकेला था। इस दौरान कुछ लड़कों ने उनके घर में घुसकर विक्की पर हमला कर दिया। सम्मी ने पुलिस को एक वीडियो भी दी है, जिसमें आरोपी उसके घर का लोहे का गेट तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। एक युवक गेट के ऊपर चढ़ा और विक्की की छाती के पास चाकू से हमला कर दिया। कुछ देर बाद आरोपी गेट के ऊपर से बाहर आया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद घायल को जीएमएसएच-16 अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना के बाद मलोया थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, लेकिन विक्की बयान देने की हालत में नहीं था।