बारिश से धंसा रोड का हिस्सा
नवांशहर के नजदीकी गांव चूहड़पुर के एक पोल्ट्री फार्म में रहने वाले एक मजदूर के कमरे की छत रविवार रात को हुई बारिश की वजह से गिर गई, जिससे कमरे में सोए हुए बाप-बेटे की मौत हो गई। दो लोग घायल हो गए। मृतक मोहन मेहतो की पत्नी शीला ने बताया कि करीब पांच साल पहले उनका परिवार पंजाब आया था। इसके बाद उनका परिवार गांव चूहड़पुर में एक पोल्ट्री फार्म पर काम करने लगे।
रविवार रात को वे पोल्ट्री फार्म में ही एक साइड पर बने अपने कमरे में बच्चों सहित सो रहे थे। बारिश की वजह से साढे़ 12 बजे कमरे की छत गिर गई। छत गिरने से एक गार्डर उनके पति मोहन मेहतो और छोटे बेटे गिरनेश पर गिरा और दबने से उनकी मौत हो गई। कमरे में एक साइड में साइकिल पड़ी थी और गार्डर का एक हिस्सा साइकिल में अटक गया, जिसकी वजह से उसका तथा उसके बड़े बेटे खेमराज (14) का कमर से ऊपर के हिस्से पर कुछ नहीं लगा, जबकि नीचे का हिस्सा मिट्टी में दब गया।
वे दोनों पूरी रात लोगों को मदद के लिए आवाजें लगाते रहे, लेकिन बारिश व आसपास कोई घर न होने के कारण किसी ने उनकी आवाजें नहीं सुनीं। सुबह पास ही के एक अन्य पोल्ट्री फार्म से एक लड़का उनके बेटे को कहीं ले जाने के लिए आया था। उसने छत गिरी हुई देख अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। मिट्टी को हटाकर शीला व खेमराज को बाहर निकाल सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जबकि मोहन मेहतो (40) व गिरनेश (12) के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे में क्षतिग्रस्त हुई कार
वहीं लुधियाना में तेज बारिश के कारण सड़क पर जमा पानी से गाड़ी निकालते समय पानी गाड़ी के शीशे पर आ गिरा। आगे कुछ दिखाई न देने की वजह से गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में गाड़ी में सवार दो युवकों की मौत हो गई। एक बुरी तरह से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना बस्ती जोधेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद मुंडियां कलां के रहने वाले एकलव्य शर्मा और अश्वनी विज के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। घायल शुभम को सीएमसी में दाखिल करवाया गया है।
जानकारी के अनुसार एकलव्य, अश्वनी और शुभम तीनों दोस्त हैं। तीनों अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ाई करते है। रविवार सुबह तीनों अश्वनी की इनोवा कार में जालंधर की तरफ गए थे। वहां से काम खत्म करने के बाद तीनों कार में लौट रहे थे। गाड़ी अश्वनी चला रहा था। जब उनकी कार काराबारा चौक के पास पहुंची तो वहां हाईवे पर ही बारिश का पानी जमा था। उन्होंने तेज रफ्तार गाड़ी पानी के ऊपर से निकाली तो पानी उनकी गाड़ी पर आ गिरा। इस कारण शीशे से आगे कुछ दिखाई नहीं दिया और गाड़ी बेकाबू हो गई।