लकड़ियों से लदे ट्राले में टकराने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। थाना सदर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर परिजनों के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी है। बल्लूआना कालोनी निवासी सुरेश ने बताया कि उसका भाई भारत (20) गांव के ही एक फैक्ट्री में इंटरलाकिंग टाइल्स का काम करता था। गत सांय वह बाइक पर ढींगावाली निवासी अपनी बहन से मिलकर वापस आ रहा था।
बहावलवासी के निकट लकड़ियों से लदे एक ट्राले से उसकी टक्कर हो गई, जिससे वह घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत को गंभीर देखते हुए रेफर कर दिया गया और परिजन उसे इलाज के लिए लुधियाना ले गए, जहां डाक्टरों से जवाब मिलने पर परिजन वापस उसे अबोहर ले आए। सोमवार की सुबह उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में दो युवकों की मौत
मुक्तसर जिले के गांव चन्नू के पास हुए सड़क हादसे में गांव मल्लण के दो युवकों की मौत हो गई। इससे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार गांव मल्लण निवासी कुलदीप सिंह बब्बू (22) पुत्र सुखमंदर सिंह और बलजिंदर सिंह (21) पुत्र हरबंस सिंह कार से लंबी से गांव मल्लण की ओर लौट रहे थे। अचानक उनकी कार का संतुलन बिगड़ गया और कार पेड़ से जा टकराई। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। थाना लंबी पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई की है।
सड़क हादसे में साहित्यकार अमरजीत ढिल्लो घायल
फरीदकोट में अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे पर ट्रक की टक्कर से एक्टिवा सवार साहित्यकार व सीनियर पत्रकार अमरजीत सिंह ढिल्लो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बाजाखाना के सिविल अस्पताल से उन्हें बठिंडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार अमरजीत सिंह ढिल्लो एक्टिवा पर सवार होकर बाजाखाना से गांव जाने के लिए शेख फरीद स्कूल के पास मुड़ने लगे। इस दौरान बठिंडा की तरफ से आ रहे ट्रक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें लगी। थाना बाजाखाना पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी है।