नए साल का पहला दिन इस सदी का सबसे गर्म एक जनवरी रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2000 से अब तक के 17 सालों में पहली जनवरी को अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रविवार को रहा।
पिछले 17 सालों में एक जनवरी को सिर्फ पांच बार अधिकतम तापमान 20 डिग्री के पार गया है। इसमें 2016 में 23.4 डिग्री सेल्सियस, 2001 में 22.4 डिग्री, 2012 में 22.1, 2006 में 21.4 डिग्री और साल 2015 में 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा। चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि एक जनवरी के अधिकतम तापमान के आल टाइम रिकार्ड जानने के लिए साल 2000 के पीछे के तापमान का अध्ययन करना पड़ेगा। रविवार को कड़क धूप निकली। इससे तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक दर्ज किया गया।
साल 2002 का पहला दिन सबसे ठंडा था
पिछले कुछ सालों से नए साल के पहले दिन से ठंडक दूर होती जा रही है। इस सदी का पहला दिन सबसे ठंडा साल 2002 में रहा। 2002 में एक जनवरी को अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस था। उसके बाद साल 2004 में 11 डिग्री, और 2013 में 11.2 डिग्री रहा था।