सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। शहर में स्वाइन फ्लू का पहला मामला सामने आया है। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर 32 में एक 25 वर्षीय महिला को स्वाइन फ्लू से पीड़ित पाया गया है। महिला को अस्पताल में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है।
महिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंची थी, जहां लक्षण दिखने पर उसका आरटीपीसीआर टेस्ट किया गया, जिसमें वह पॉजिटिव पाई गई। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लग रहा है, क्योंकि महिला को आम मरीजों के साथ ही भर्ती किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, मरीज को आईसीयू में सामान्य मरीजों के साथ रखा गया है, जबकि ऐसे मरीजों को आमतौर पर अलग आइसोलेशन में रखा जाना चाहिए। इससे सवाल उठता है कि जीएमसीएच में स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए कोई विशेष वार्ड बनाया गया है या नहीं।
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब पूरे देश में कोरोना के मामले भी बढ़ रहे हैं। हाल ही में पीजीआई चंडीगढ़ ने भी अपनी तैयारियों को लेकर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें डॉक्टरों ने कहा था कि कोरोना के मामले बढ़ने पर उनके पास आइसोलेशन वार्डों की पूरी तैयारी है। उन्होंने जनता से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील की थी।
इस संबंध में अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. जीपी धामी से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्पताल में कोई भी कोरोना का मरीज नहीं आया है, बल्कि यह स्वाइन फ्लू का मरीज है।