पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने महिंद्रा चौधरी ज्योलाजिकल पार्क छतबीड़ में इंटरएक्टिव डायनासोर पार्क स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। यह अपनी तरह का देश में पहला पार्क होगा, जो छतबीड़ चिड़ियाघर में सार्वजनिक निजी हिस्सेदारी पर आधारित होगा। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही छतबीड़ चिड़ियाघर और राज्य के अन्य चिड़ियाघरों के विकास के लिए 22 करोड़ रुपये के बजट की व्यवस्था करने के आदेश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने छतबीड़ चिड़ियाघर में विदेशी जानवरों को लाने के लिए बजट की व्यवस्था करने के लिए भी वित्त विभाग को निर्देश दिए। चिड़ियाघर के विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए वीरवार को एक मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने छतबीड़ चिड़ियाघर के नए एंट्री प्लाजा का रिमोट का बटन दबाकर उद्घाटन किया और इसे आम लोगों को समर्पित किया। कैप्टन ने पक्षियों और जानवरों की विभिन्न पेंटिंग को दर्शाता एक रंग-बिरंगा पोस्टर भी इस मौके पर जारी किया, जिसमें पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की गुरबाणी भी दर्ज है।
यह पोस्टर श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित है। इसकी संकल्पना डा. कुलदीप कुमार आईएफएस पीसीसीएफ वाइल्ड लाईफ-कम-चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन पंजाब द्वारा तैयार की गई है। यह सेवामुक्त पीसीसीएफ प्यारा लाल कलेर के विचारों पर आधारित है और इसकी पेंटिंग का योगदान अतिरिक्त सचिव वित्त सुरिंदर कौर वड़ैच द्वारा दिया गया है।
वन और वन्य जीव विभाग द्वारा पेश प्रस्तावित चिड़ियाघर विकास प्रोजैक्टों के संबंध में कैप्टन ने वित्त मंत्री मनप्रीत बादल को अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन), अतिरिक्त मुख्य सचिव (आवास एवं शहरी विकास), प्रमुख सचिव (वित्त) और प्रमुख सचिव (स्थानीय निकाय) की मॉनसून सत्र के तुरंत बाद मीटिंग बुलाने को कहा। उन्होंने वित्त मंत्री को यह सभी प्रोजेक्ट दो वर्षों में मकम्मल करने को भी कहा। उन्होंने छत्तबीड़ में 5-10 एकड़ क्षेत्रफल में सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की संभावनाओं का पता लगाने के लिए पेडा को निर्देश दिए।
मीटिंग में स्थानीय निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा, वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल, एसीएस (आवास निर्माण एवं शहरी विकास) विन्नी महाजन, एसीएस (वन) डा. रोशन सुंकारिया, प्रमुख सचिव (वित्त) अनिरुद्ध तिवारी, प्रमुख सचिव (स्थानीय निकाय) ए. वेनू प्रसाद, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव तेजवीर सिंह, अतिरिक्त सचिव (वन) केशव हिंगोनिया, प्रिंसिपल चीफ़ कंजऱवेटर (वन्य जीव) डा. कुलदीप कुमार, चीफ कंजरवेटर (वन्य जीव) बसंता राज कुमार और फील्ड डायरेक्टर (छतबीड़ चिड़ियाघर) एम. सुधागर भी उपस्थित थे।