चंडीगढ़। सेक्टर-28 में कबाड़ लेने पहुंचे व्यक्ति को छह युवकों ने घेरकर बुरी तरह पीटा और पर्स छीनकर भाग गए। वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो आरोपी वारदात से पहले इलाके में घूमते और मौका तलाशते दिखाई दिए। पुलिस ने जांच के आधार पर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से छीना गया पर्स भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों का किसी अन्य वारदात में हाथ होने की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कच्ची कॉलोनी, धनास निवासी लकी, सेक्टर-25 निवासी शीतल, राजीव कॉलोनी निवासी दिव्यांशु दास, शिवम, केकल और अमन के रूप में हुई है।
पहले इलाके की रेकी, फिर कबाड़ी को घेरा
डड्डूमाजरा गांव निवासी शकील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कबाड़ का काम करता है। 13 सितंबर को वह सेक्टर-28 में कबाड़ लेने गया था। इसी दौरान छह युवक आसपास घूमते हुए उस पर नजर रख रहे थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी काफी देर तक इलाके में चक्कर काटते रहे और मौका मिलने का इंतजार करते रहे। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने शकील को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में नकदी और जरूरी सामान था। शकील की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी पी. अभिनंदन ने जांच की कमान संभाली और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस टीम ने वारदात स्थल और आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें छहों संदिग्ध वारदात से पहले इलाके में घूमते नजर आए। मारपीट के बाद पर्स लेकर भागते हुए भी आरोपी कैमरों में कैद हुए थे। फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर सभी को गिरफ्तार कर लिया।
लकी और शीतल पर चोरी के दो-दो केस
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। लकी और शीतल पर चोरी के दो-दो मामले दर्ज हैं। दिव्यांशु दास के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 307 और आर्म्स एक्ट का मामला है। शिवम और केकल पर फोर्जरी से संबंधित केस दर्ज बताए गए हैं। अमन के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।