गांव बुधोके में एक युवक ने रात को सो रही मां-बेटी पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी।
दोनों की चीख पुकार सुनकर घटनास्थल पर पहुंचे पड़ोसियों ने आग पर काबू पाया और दोनों को सिविल अस्पताल में भरती करवाया। जहां उनकी हालत चिंताजनक देख फरीदकोट रेफर कर दिया।
दोनों लगभग 60 फीसदी झुलस गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। डीएसपी अजमेर सिंह बाठ ने बताया कि गांव बुधोके निवासी एक महिला की बेटी के पिछले कुछ समय से गांव के ही रहने वाले परविंदर सिंह के साथ प्रेम-प्रसंग थे।
करीब दो माह पहले युवती की शादी कर दी, लेकिन परविंदर सिंह ने युवती का पीछा नहीं छोड़ा। कुछ दिन पहले युवती अपने मायके आ गई।
उसके मायके आने पर परविंदर भी उनके घर आकर उसे तंग करने लगा। वीरवार रात को शराब के नशे में धुत परविंदर महिला के घर पहुंचा और एक ही चारपाई पर सो रही मां-बेटी पर केरोसिन डालकर उन्हें आग लगा दी।
आग लगने से चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया और दोनों मां-बेटी को तुरंत सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें फरीदकोट के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
डीएसपी ने बताया कि दो मां-बेटी करीब 60 प्रतिशत तक झुलस गई। आरोपी फरार है उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है।