पंचकूला में सेक्टर-11 स्थित गोविंदम स्वीट्स में बुधवार रात करीब एक बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की भयावहता का इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि पंखे और लोहे का सामान भी पिघल गया।
इसी बीच वहां से गुजर रहा कार चालक खुद फायर स्टेशन पहुंचा और फायर ब्रिगेड की टीम को साथ लेकर आया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना और बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि इस शॉप के आसपास ही कपड़ों की दुकानें हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि इस घटना से करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
मशहूर सिंह संस का हिस्सा है गोविंदम
सेक्टर-11 में करीब सात महीने पहले ही गोविंदम स्वीट्स खुला था। यह पंचकूला सेक्टर-7 के मशहूर सिंह संस का हिस्सा है, जो कन्फेक्शनरी शॉप की चेन है। बॉबी सिंह ने बताया कि गोविंदम स्वीट्स उनके बड़े भाई जसपाल सिंह संचालित करते हैं।
बुधवार रात करीब 11 बजे तक रेस्तरां पूरी तरह पैक था। करीब साढ़े 11 बजे रेस्तरां को क्लोज किया गया। बॉबी सिंह के मुताबिक, वह रात को किसी समारोह में गए थे और करीब साढ़े 12 बजे सेक्टर-11 की मार्केट के सामने से निकले तो रुटीन में अपने रेस्तरां की तरफ देखा और आगे बढ़ गए।
तब तक सब कुछ ठीक था। यह घटना उसके बाद ही हुई है। बॉबी सिंह और जसपाल सिंह ने भावुक होकर कहा कि वाहे गुरु की मेहर से गोविंदम को फिर से खड़ा करेंगे।
कार चालक ने आग देखी तो पहुंचा फायर स्टेशन
रेस्तरां के पीछे ही सिंह संस की बेकरी है। वहां गार्ड था। शीशे चटकने की आवाज सुनकर वह आगे आया, लेकिन शॉप में आग देखकर उसे समझ नहीं आ रहा था कि वह क्या करे? तभी वहां से एक कार चालक गुजरा, जिसने धुआं उठता देखकर खुद ही दमकल विभाग के दफ्तर गया और दमकल कर्मियों को साथ लेकर आया। दमकल विभाग सेक्टर-5 से आपरेट होता है, जो घटनास्थल के नजदीक ही है। इसलिए फायर ब्रिगेड की टीम भी जल्द ही पहुंच गई।