चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट और कंप्यूटर हार्डवेयर की दुकान में वीरवार सुबह करीब नौ बजे आग लग गई। आग लगने के समय कोचिंग इंस्टीट्यूट में क्लास चल रही थी और करीब 15 स्टूडेंट मौजूद थे। आग
लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई और सभी स्टूडेंट क्लास छोड़ जान बचाने के लिए बाहर भागे।
मौके पर पहुंची अग्निशमन की छह गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की सूचना पर एसडीएम कृति गर्ग सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था। इस हादसे से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना तो नहीं है, लेकिन लाखों के सामान और कंप्यूटर जल गए। मामले के अनुसार सुबह करीब नौ बजे सेक्टर-34 स्थित एक बेसमेंट में चल रहे नेट मैक्स इंडस्ट्रियल कोचिंग इंस्टीट्यूट में अचानक आग लग गई। उस समय क्लास चल रही थी। जैसे ही स्टूडेंट्स ने गहरा धुआं देखा, सभी बाहर की ओर भागे और अपनी जान बचाई।
आग की सूचना पर अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। कुछ ही देर में आग विकराल हो गई और एससीओ में ही स्थित एक कंप्यूटर हार्डवेयर की दुकान में भी आग पहुंच गई। इससे आग और भयानक हो गई। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी
मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
इंस्टीट्यूट के संचालक नवदीप सिंह ने बताया कि यहां बेसमेंट में उनकी आधुनिक कंप्यूटराइज्ड उपकरणों की ट्रेनिंग लैब
है। आग से ट्रेनिंग सेंटर में रखे लाखों के कंप्यूटर, उपकरण और अन्य सामान जलकर राख हो गया है। वहीं कंप्यूटर हार्डवेयर की दुकान मालिक को भी नुकसान हुआ है।
मास्क लगाकर घुसे बेसमेंट में
सबसे पहले आग बेसमेंट में ही लगी थी। इसलिए वहां धुआं भर गया। इससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी वक्त लग गया। कर्मी मास्क पहन किसी तरह बेसमेंट में घुसे और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
बेसमेंट में धुआं अधिक पर उसे निकालने के लिए फायरकर्मियों ने बेसमेट के ऊपरी हिस्से में बनाए गए रोशनदानों के शीशे तोडे़, तब जाकर धुआं बाहर निकल पाया।