मनीमाजरा। मेन बाजार स्थित खोखा मार्केट में शुक्रवार तड़के करीब पौने दो बजे आग लग गई। इस घटना में खोखा मार्केट की पांच दुकानें और एक गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर मनीमाजरा दमकल विभाग से दो गाड़ी, औद्योगिक क्षेत्र और सेक्टर-17 से एक-एक गाड़ी पहुंची। वहीं इस दौरान आग की सूचना पाकर पहुंची पुलिस में से मनीमाजरा थाने का एक सिपाही आग बुझाने के प्रयास में घायल हो गया। उसके बाद दमकल विभाग ने पांच घंटे की कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पौने दो बजे खोखा मार्केट में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस घटना में दो जूतों की दुकानें, एक दर्जी की दुकान, दो रेडीमेड गारमेंट की दुकान और एक घरेलू गैस सिलेंडर का गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
वहीं इस दौरान आग बुझा रहे फायर टेंडर के आगे फिसलने के कारण ओल्ड रोपड़ रोड पर खड़ी मारुति कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और फायर टेंडर बिजली के खंभे से टकरा गया। व्यापारियों को कहना है कि फायर टेंडर ढलान वाली सड़क पर खड़ा था। इस कारण वह पहले आगे खड़ी कार और उसके बाद बिजली के खंभे से टकरा गई।
खोखा नंबर-14 में रेडीमेड की दुकान करने वाले सतीश भाटिया ने बताया कि रात को 2 बजे उन्हें फोन आया कि उनकी दुकान में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर आ गए। इस दौरान मौके पर पांच फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही थी। वहीं घटना के चश्मदीद संयुक्त व्यापार मंडल मनीमाजरा के वार्ड के प्रधान प्रवीन गुप्ता ने बताया कि दमकल विभाग की आग बुझाने की कोशिश में मनीमाजरा पुलिस ने भी पूरा सहयोग दिया। इसमें मनीमाजरा पुलिस के सिपाही सतीश के हाथ भी जल गए। वहीं उनके साथ मौजूद सिपाही संजीत और संसार ने दुकानों के शटर तोड़कर अंदर लगी आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक सामान जलकर राख हो गया था।
प्रवीण ने कहा कि दमकल विभाग शटर तोड़कर आग न बुझाता तो और ज्यादा नुकसान हो जाता। मनीमाजरा व्यापार मंडल के प्रधान प्रदीप बागरा ने बताया कि दमकल विभाग के हवलदार राम शरण, फायरमैन मक्खन सिंह, अमरिन्दर सिंह, सोमवीर, बलजिंदर सिंह समेत फायरमैन अमरिंदर सिंह ने आग बुझाने के लिए खूब काम किया। खोखा मार्केट शिवरात्रि के मौके पर दमकल विभाग के कर्मचारियों व मनीमाजरा पुलिस के सिपाही सतीश, संसार और सुजीत को सम्मानित करेगी। वहीं इन्हें पुलिस मेडल देने के लिए प्रशासन को अपनी तरफ से लिखकर भी भेजेंगे।
वहीं लोगों ने बताया कि आग लगने का कारण दुकानों पर बिजली की मेन तारों का बना हुआ जंजाल बताया जा रहा है। इसमें से सभी खोखा मार्केट के दुकानदारों के बिजली के कनेक्शन के लिए तारें आ रही हैं जिनमें शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।