मनीमाजरा। पिपली वाला टाउन की दुकान नंबर 2005 में सोमवार दोपहर करीब तीन बजे आग लग जाने से अंदर पड़ा सारा सामान जल गया है। दुकान में आग लगने से सामान निकालने की कोशिश करते हुए दुकानदार साहिल हुसैन भी आग की चपेट में आकर झुलस गया। उसे उपचार के लिए पुलिस ने मनीमाजरा अस्पताल में भर्ती करवाया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब तीन बजे रूई की दुकान और पास स्थित बने दो शेडों में आग लग गई। दोनों शेडों में रूई भरी होने के कारण आग एकदम से भड़क गई। इस दौरान दुकानदार कुछ सामान बचाने की कोशिश में झुलस गया। आग की लपटें देखकर किसी राहगीर ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन दमकल विभाग की गाड़ी पहुंचने में थोड़ा समय लग गया। इस बारे में फायरकर्मियों का कहना है कि सूचना मिलते ही वे ऑफिस से गाड़ी लेकर निकल पड़े थे, लेकिन पिपलीवाला, माड़ीवाला टाउन की मुख्य सड़क पर खड़ी गाड़ियों के कारण उन्हें अपना फायर टेंडर निकालने मेें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। हालांकि उससे पहले मौके पर मोटरसाइकिल पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाना शुरू कर दिया है। उसके बाद फायर टेंडर पहुंचते ही दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कुछ ही मिनट में ही आग पर काबू पा लिया।
मनीमाजरा थाना प्रभारी नीरज सरना आग की सूचना पाते ही मौके पर पहुंचे। आग से झुलसे दुकानदार साहिल हुसैन का मनीमाजरा अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसके चचेरे भाई मोहम्मद सारिक ने बताया कि दो ढाई लाख रुपये का का सामान जलकर राख हो गया है। मनीमाजरा फायर स्टेशन के इंचार्ज गुरमुख सिंह मुलतानी, फायरमैन मुकेश कुमार, लीडिंग फायरमैन रामशरण, परवीन कुमार, सतवंत सिंह ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया।