डड्डूमाजरा में बीती बुधवार की देर रात को एक मकान में आग लग गई। सूचना पाते ही फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और कर्मियों ने आग पर काबू पाया। फायरकर्मियों ने शराब के नशे में धुत पड़े दो भाइयों को भी आग लगने के दौरान घर से बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। घटना में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि आग लगने के कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हैं।
जानकारी के मुताबिक रात में करीब 3:00 बजे डड्डूमाजरा स्थित मकान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई थी। घर में सो रही महिला ने बाहर निकलकर शोर मचाया, जिसके बाद सूचना पाते ही पुलिस सहित फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। महिला ने बताया कि घर में उसका बेटा व एक अन्य युवक नशे की हालत में सोए पड़े हैं। ऐसे में फायरकर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही इन युवकों को भी बाहर निकालकर उनकी जान बचाने का काम किया। जब तक आग बुझ पाती, तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था।