डड्डूमाजरा कॉलोनी में दोपहर के समय लगी आग, दमकल ने समय रहते काबू पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीगढ़। डड्डूमाजरा कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक घर में अचानक आग लगने से शादी समारोह की खुशियां अफरा-तफरी में बदल गईं। आग में घर में रखा शादी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
एसबीआई एटीएम के पास रहने वाले अशोक के बेटे की शादी का समारोह घर में चल रहा था, जब दोपहर करीब दो बजे ग्राउंड फ्लोर पर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर में रखा सामान अपनी चपेट में ले लिया।
आग में अलमारी, बैड, एलसीडी, शादी के कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बताया गया कि सेक्टर-38 वेस्ट से दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। यदि समय रहते आग पर काबू न पाया जाता, तो आसपास के घरों तक आग फैल सकती थी। आग से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।