फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kangana Ranaut Slap Case: कंगना थप्पड़ कांड में कुलविंदर कौर पर कसा शिकंजा, पुलिस ने दो धाराओं में दर्ज की FIR

Fri, 07 Jun 2024 10:40 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

दोनों जमानती धाराएं हैं और अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं इससे पहले सीआईएसएफ ने आरोपी महिला कांस्टेबल को सस्पेंड कर जांच के आदेश दे दिए थे।
विज्ञापन
महिला जवान ने कंगना को मारा थप्पड़ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल के मंडी से भाजपा सांसद व बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को थप्पड़ मारने वाली आरोपी सीआईएसएफ की महिला कांस्टेबल कुलविंदर कौर के खिलाफ मोहाली एयरपोर्ट पुलिस ने 24 घंटे बाद आईपीसी की धारा 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) व 341 के तहत केस दर्ज कर लिया है। डीएसपी एयरपोर्ट कुलजिंदर सिंह ने बताया कि सीआईएसएफ ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने एयरपोर्ट पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर मामला दर्ज किया है। वीरवार को थप्पड़ कांड के बाद आरोपी को सस्पेंड कर दिया गया था। उसकी डिपार्टमेंटल इंक्वॉयरी भी चालू कर दी गई है। कंगना ने घटना के बाद आरोपी को नौकरी से हटाने और सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

विज्ञापन

क्या हुआ था कंगना के साथ
कंगना रनौत को चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर जांच में तैनात महिला सुरक्षाकर्मी कुलविंदर कौर ने थप्पड़ मार दिया। घटना वीरवार को हवाईअड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान घटी। आरोपी महिला किसान आंदोलन के दौरान कंगना की बयानबाजी से नाराज थी। हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय क्षेत्र से जीत दर्ज करने के बाद कंगना दिल्ली में भाजपा की बैठक में शामिल होने के लिए जा रही थीं। उन्हें चंडीगढ़ हवाईअड्डे से विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या यूके-707 से रवाना होना था। हवाईअड्डे पर सुरक्षा जांच करा रही थीं। उनके साथ उनके स्टाफ के सदस्य भी मौजूद थे।

इसी दौरान वहां उपस्थित सीआईएसएफ की महिला सुरक्षाकर्मी कुलविंदर कौर ने उनसे सवाल किया कि मैडम आप भाजपा से जीती हैं। आपकी पार्टी किसानों के लिए कुछ क्यों नहीं कर रही है। साथ ही किसान आंदोलन के दौरान कंगना की बयानबाजी पर भी कुलविंदर ने सवाल पूछा। इस पर दोनों के बीच बहस होने लगी। आरोप है कि इसी बीच महिला सुरक्षाकर्मी ने कंगना को थप्पड़ मार दिया।

घटना के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने कंगना को समझाया। कंगना ने सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद कंगना फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गईं।

महिला सुरक्षाकर्मी ने मुझे थप्पड़ मारा, गालियां दीं : कंगना
उधर, घटना के बाद कंगना रनौत ने एक वीडियो जारी कर कहा कि ‘मुझे बहुत सारे फोन आ रहे हैं, मीडिया के भी और मेरे शुभचिंतकों के भी। सबसे पहले मैं आपको बता दूं कि मैं सुरक्षित हूं। आज चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर मेरे साथ एक हादसा हुआ। एयरपोर्ट पर एक महिला जवान ने मुझे गालियां देनी शुरू कर दीं। उसने बताया कि वह किसान आंदोलन की समर्थक है। उसने साइड से आकर मुझे थप्पड़ मारा। मैं तो सुरक्षित हूं, लेकिन मेरी चिंता पंजाब में बढ़ रहे उग्रवाद और आतंकवाद को लेकर है। इसे कैसे भी करके हैंडल करना पड़ेगा।’

कुलविंदर कौर का वीडियो आया सामने
कंगना को थप्पड़ मारने के बाद कुलविंदर कौर का एक वीडियो भी सामने आया है। इस वीडियो में वह कंगना को संबोधित करते हुए यह कहती नजर आ रही हैं कि ‘उसने कहा था कि 100-100 रुपये की खातिर लोग किसान आंदोलन में बैठ रहे हैं, ये बैठेगी वहां पर, मेरी मां बैठी थी वहां, जब उसने यह बयान दिया था।’
विज्ञापन

राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी की कार्रवाई की मांग
उधर, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने भी इस घटना को गंभीर मामला बताते हुए आरोपी सुरक्षाकर्मी पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आयोग ने इस मामले को सीआईएसएफ के साथ उठाया है। उन्होंने एक्स पर किए गए एक पोस्ट में कहा कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा के लिए जिम्मेदार लोग खुद ही सुरक्षा का उल्लंघन कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें