पंजाब में आज गुंडा राज चल रहा है। इस घटना से हमारा हौसला कम नहीं हुआ बल्कि और बढ़ा है। उन्होंने कहा किसानों के रूप में धरना प्रदर्शन कर रहे समाज विरोधी तत्व ही ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। विधायक ने कहा कि इस बारे में चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक के पार्टी पदाधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है। पार्टी के आदेशानुसार ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अबोहर से भाजपा विधायक अरुण नारंग पर मलोट में हुआ कातिलाना हमला बेहद निंदनीय है। यह घटना प्रदेश के इतिहास में दुखद दिन के रूप में जानी जाएगी। कैप्टन सरकार राज्य में कानून और व्यवस्था की रक्षा करने में पूरी विफल रही है। प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति निचले स्तर को छू रही है। -अश्वनी शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब।
जाखड़ ने भाजपा विधायक पर हुए हमले की निंदा की
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भाजपा विधायक अरुण नारंग पर मलोट में हुए हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसान आंदोलन को कमजोर करेंगी। जाखड़ ने कहा कि लोकतंत्र में हर एक व्यक्ति को अपनी बात रखने का मौका दिया जाना चाहिए और सभी को देश के प्रत्येक नागरिक के बोलने के अधिकार का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस समय किसान आंदोलन अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सही दिशा में जा रहा है लेकिन इस तरह की घटनाएं किसान आंदोलन के लिए घातक सिद्ध होंगी। उन्होंने सभी किसानों से आग्रह किया कि वे इस तरह की गैर कानूनी कार्रवाई से दूर रहें, क्योंकि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की आज्ञा नहीं दी जा सकती है।
भाजपा विधायक अरुण नारंग पर हिंसक हमला निंदनीय है। एक निर्वाचित प्रतिनिधि की गरिमा की रक्षा में राज्य पुलिस की नाकामी की जिम्मेदारी तय करने के लिए घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। - सुखबीर बादल, शिअद प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब।
जिला अध्यक्ष ने पुलिस पर लगाए मिलीभगत के आरोप
अबोहर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश पठेला गोरा ने कहा कि किसानों की आड़ में विपक्षी पार्टियों कांग्रेस, अकाली दल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का विरोध किया है। गोरा पठेला ने पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि ये घटना अति निंदनीय है। जब विधायक नारंग को पुलिस सुरक्षा में ले जाया जा रहा था तो उनके साथ भी प्रदर्शनकारियों ने गाली-गलौच की। इस घटना की बड़े स्तर पर जांच होनी चाहिए।