बसपा पार्षद जन्नत जहां और उनके समर्थकों के कुर्सी पर कब्जा करने से स्थानीय सांसद पवन कुमार बंसल कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए।
इसके बाद समर्थकों ने उनके सेक्टर-28 स्थित कोठी में जाकर कार्यक्रम में आने से मना कर दिया। हल्लोमाजरा के दीप कांपलेक्स में दीप कांपलेक्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य अपनी मांगों के लिए रविवार को धरना दिया।
इस धरने में दीप कांपलेक्स के लिए सीवरेज की लाइन डालने की मंजूरी मिलने की घोषणा सांसद पवन कुमार बंसल को करनी थी। लेकिन, बसपा को इसकी भनक लगी और कार्यकर्ता धरना स्थल पहुंचकर कुर्सियों पर कब्जा कर लिया।
धरना देने वालों ने जन्नत जहां को भी बुला लिया। जन्नत जहां का कहना है कि सीवरेज और पानी का इंतजाम बसपा ने करवाया है। इसमें सांसद का कोई रोल नहीं है।
जब जन्नत जहां अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचीं तो कांग्रेसी समर्थकों, जिसमें गुरचरण दास काला, केसर सिंह सहित अन्य लोग आनन फानन में बंसल के निवास पर जाकर कार्यक्रम में आने से रोक दिया। इसके बाद कार्यक्रम में माया राम, सुखजीत सिंह सुखा, दीदार सिंह और बीएस रावत संबोधित किया।
आधे रास्ते से मुड़े मेयर...
बसपा कार्यकर्ताओं के कुर्सियों पर कब्जा मिलने की सूचना पर बंसल के साथ मंच साझा करने के लिए जा रहे मेयर हरफूल चंद कल्याण, सरपंच और पंच आधे रास्ते से ही लौट गए।
हालांकि, दड़वा के सरपंच गुरप्रीत सिंह हैप्पी अपने और साथियों के साथ पहुंच गए। जब मौके पर हालत देखे तो वे भी उल्ले पांव लौट आए।
केसर सिंह, गुरचरणजीत सिंह काला व अन्य लोगों ने कांग्रेस के नेताओं को फोन पर सूचना देते रहे कि वे हल्लोमाजरा के कार्यक्रम में न आएं।
बड़ा कार्यक्रम आयोजित करेंगे...
गुरचरणजीत सिंह काला का कहना है कि वे बड़ा कार्यक्रम करके बंसल को सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा बंसल की वजह से ही दीप कांपलेक्स का विकास हुआ।
उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। दीप कांपलेक्स में सीवरेज और पानी की सुविधा दिलाने में उनका ही योगदान है।