चंडीगढ़ सेक्टर-11 में मंगलवार देर रात एक चोर ने दवा की दो दुकानों का ताला तोड़कर दो लाख रुपये की नकदी उड़ा ली। उसने तीसरी दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया लेकिन असफल रहा। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकानदारों ने बताया कि यह चौथी बार है जब सेक्टर-11 में दवा की दुकानों में चोरी हुई है। पुलिस उनके दबाव में हर बार शिकायत दर्ज कर लेती है लेकिन कार्रवाई कोई नहीं करती। ऐसे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस ने मामले में भी केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के मुताबिक, चोर मंगलवार रात 1.16 बजे शोरूम नंबर-6 स्थित महादेव केमिस्ट में छत के रास्ते ताला तोड़कर घुसा। आरोपी ने कपड़े से मुंह ढक रखा था। उसने दुकान के गल्ले से 60 हजार रुपये नकदी निकाली और उसी रास्ते से बाहर चला गया। इसके बाद वह छत के रास्ते से ही शोरूम नंबर-12 स्थित दुर्गा मेडिकोज में घुसा। उसने छत से अंदर घुसने के लिए ताला तोड़ने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहा।
इसके बाद चोर आगे बढ़ा और चंडीगढ़ फार्मेसी दुकान में छत के रास्ते से ही अंदर घुस गया। यहां से उसने एक लाख 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। इस मामले में चंडीगढ़ फार्मेसी के मालिक महेश शर्मा और महादेव केमिस्ट के मालिक अजय गुप्ता ने पुलिस को शिकायत दी है।
बंद खिड़की को खोल छह मिनट में पार कर दिए 1.40 लाख
चंडीगढ़ फार्मेसी के मालिक महेश शर्मा ने बताया कि चोर खिड़की के रास्ते से अंदर घुसा था। खिड़की अंदर से बंद थी और खिड़की के आगे फ्रिज था लेकिन आरोपी ने फिर भी खिड़की को पता नहीं कैसे खोल लिया। चोर रात 2.24 बजे दुकान में घुसा और सूए से गल्ले को खोला। इसके बाद गल्ले में रखे नकदी वाले डिब्बे को बाहर निकाला और उसमें से रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी खिड़की के रास्ते से ही 2.30 बजे फरार हो गया।
टावर की सीढ़ियों से होकर शोरूम की छत पर चढ़ा चोर
महेश शर्मा ने बताया कि शोरूम के पास एक टावर है। आरोपी टॉवर पर चढ़कर शोरूम की छत पर पहुंचा। शोरूम की सभी छतों पर पानी की टंकी है। छत पर जाने के लिए एक छोटा सा रास्ता बनाया हुआ है। दुर्गा मेडिकोज और महादेव केमिस्ट के संचालकों ने छत पर बाहर की तरफ ताला लगा रखा था जबकि महेश ने अंदर की तरफ से ताला लगाया हुआ था। इस कारण से चोर छत के रास्ते से अंदर नहीं घुस सका। आरोपी शोरूम के पीछे से खिड़की से अंदर घुसा। महेश के अनुसार, सभी कैमरों में एक ही चोर नजर आ रहा है।
लगातार चोरियों के बावजूद आंखें मूंदे बैठी पुलिस
केमिस्ट महेश शर्मा ने बताया कि डेढ़ महीने पहले 11 नंबर शोरूम स्थित फोर्टिस क्लीनिक का ताला तोड़कर चोरों ने दो मोबाइल चोरी कर लिए थे। इसी सेक्टर में दो महीने पहले गुप्ता क्लॉथ हाउस में चोरी की कोशिश हुई थी। यहां चोरों ने दो दरवाजे के तोले तोड़ दिए थे लेकिन तीसरे दरवाजे को नहीं तोड़ पाए थे। इस कारण से वहां चोरी होने से बच गई। छह महीने पहले महादेव केमिस्ट से चोरों ने ताला तोड़कर गल्ले से 80 हजार रुपये चोरी कर लिए थे।