चंडीगढ़। सेक्टर-25 में शुभम की हत्या और तीन को घायल करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे पांचवें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-25 निवासी विकास उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। पुलिस के पांचों आरोपियों को जिला अदालत में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, तलवार, गंडासी समेत पांच हथियार बरामद किए हैं। वारदात के बाद आरोपियों ने हथियार छिपा दिए थे। इस मामले में पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। क्राइम ब्रांच ने एक जनवरी को सेक्टर 25 के रहने वाले दीप, रोहित उर्फ गोलू मुखबिर, कैटी और राहुल को गिरफ्तार किया था। क्राइम ब्रांच ने चारों आरोपियों को सेक्टर-11 थाने के हवाले कर दिया था। इसके बाद सेक्टर-11 थाना पुलिस ने चारों को अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड लिया था।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को शुभम उर्फ तोतला की बेटी का जन्मदिन था। इस पार्टी में शुभम उर्फ शुभी, भरत, साहिल, गोल्डी के अलावा अन्य दोस्त शामिल हुए थे। पार्टी करने के बाद करीब 10 बजे जैसे ही सभी दोस्त घर से बाहर निकले तो पहले से घात लगाकर बैठे आरोपियों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें शुभम उर्फ सुभी का चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं भरत, साहिल और एक नाबालिग गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। सेक्टर 11 थाना पुलिस ने शुभम उर्फ तोतला की शिकायत पर सेक्टर 25 निवासी दीप, बिन्दर, गोलू उर्फ मुखबिर, राहुल और अन्य के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।