विजिलेंस ब्यूरो ने लुधियाना पुलिस के एक एएसआई को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी एएसआई बलबीर सिंह को लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर से गिरफ्तार करने के बाद मोहाली अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसपी विजिलेंस हरगोबिंद सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक पटियाला निवासी गुरबख्श सिंह ने विजिलेंस को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि उसका रिश्तेदार कुलदीप सिंह धोखाधड़ी के मामले में लुधियाना जेल में बंद है। कुलदीप सिंह के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर पांच, लुधियाना पुलिस ने परचा दर्ज किया था। उन्होंने कुलदीप सिंह की जमानत के लिए लुधियाना अदालत में याचिका दायर की थी। इसकी सुनवाई 19 नवंबर को थी। इस केस के जांच अधिकारी एएसआई बलबीर सिंह को अदालत में कुलदीप सिंह से संबंधित रिकॉर्ड पेश करना था। रिकॉर्ड पेश करने और जमानत का विरोध न करने के लिए एएसआई बलबीर सिंह ने बीस हजार रुपये रिश्वत मांगी। रिश्वत न मिलने पर वह ढाई घंटा देरी से अदालत पहुुंचा, तब तक अदालत ने अगली तारीख 22 नवंबर तय कर दी थी। इसके बाद एएसआई बलबीर सिंह के साथ पंद्रह हजार रुपये में बात तय हो गई। शुक्रवार को सुनवाई से पहले ही विजिलेंस ने लुधियाना कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर जाल बिछा रखा था। जैसे ही एएसआई बलबीर सिंह ने गुरबख्श सिंह से पंद्रह हजार रुपये लिए, विजिलेंस अधिकारियों ने उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ फेज आठ विजिलेंस थाने में पीसी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।