जिंदगी में हौसला नहीं हारने वाले ही जीत की बाजी मारते हैं। यह कहना है अमर उजाला फेम मिस नार्थ इंडिया प्रिंसेस-2016 चुने गई चंडीगढ़ की कुड़ी जैसमीन ओलख का।
22 साल की जैसमीन ने बताया कि पिछले दो बार से इसी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही थी, लेकिन आखिर में अपनी कमियों को दूर किया और आज ताज हासिल कर लिया। सेक्टर-26 स्थित गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज फॉर वुमन से एमकॉम करने वाली जैसमीन प्रोफेसर बनना चाहती है, लेकिन हॉबी के तौर पर मॉडलिंग को जारी रखेंगी।
जैसमीन ने सेक्टर-41 स्थित शिवालिक पब्लिक स्कूल से 12वीं और जीसीजी-42 से बीकॉम की पढ़ाई पूरी की है। अमर उजाला से बताचीत में जैसमीन ने बताया कि परिवार के सहयोग के बिना इस तरह की कामयाबी हासिल कर पाना मुमकिन नहीं है। उन्होंने कहा कि 16 जनवरी को उनका जन्मदिन है और एक महीना पहले ही उन्हें खास तौहफा मिल गया।