घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी करने वाले एक युवक को उसके पिता ने ही साथियों की मदद से जिला अदालत के बाहर से अगवा करने की कोशिश की।
उन्होंने युवक को जबदरस्ती उठाकर अपनी गाड़ी में डाल लिया। साथ ही कार को भगाने की कोशिश की, लेकिन युवक ने हिम्मत दिखाकर कार का शीशा तोड़ दिया और कार का दरवाजा खोलकर उनके चंगुल से निकलने में कामयाब रहा।
उसने मामले की सूचना तुरंत थाना मटौर पुलिस को दी। इस बीच युवक का पिता साथियों सहित मौके से भाग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति को संभाला।
युवक के बयान के आधार पर उसके पिता एवं चार अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
पुलिस को दी शिकायत में कैथल निवासी कमल कुशहाल ने बताया कि विगत वर्ष उसने घरवालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। वह पत्नी वीरपाल कौर के संग अलग रह रहा है। लेकिन यह रिश्ता उसके घरवालों को मंजूर नहीं है।
काफी समय से उसके घर वाले पत्नी को तलाक देने एवं घर आने के लिए दवाब बना रहे थे। जब वह कामयाब नहीं हुए, तो उन्होंने यह तरीका अपनाया।
कमल ने बताया कि मंगलवार को जब वह अपने एक्सिडेंट केस की पेशी के लिए जिला अदालत आया था। इसकी सूचना उसके पिता साहिब सिंह को पहले ही मिल गई थी।
वह अपने साथियों सहित जिला अदालत के बाहर पहुंचे हुए थे। जैसे ही वह जिला अदालत के बाहर पत्नी के साथ पहुंचा। उसी दौरान पिता एवं पांच छह लोगों ने उसे जबरदस्ती उठाकर अपनी अपनी कार में बैठा लिया और कार को भगाने की कोशिश की।
इसी बीच कार में मेरी उनसे हाथपाई भी हुई। मैंने हाथ मारकर कार का शीशा तोड़ दिया। साथ ही कार का दरवाजा खोल कर भागने में कामयाब रहा।
इसके बाद वे लोग कार को भगाकर ले गए। इस दौरान उसके हाथ में भी चोट आई है। थाना मटौर के एसएचओ नवीन पाल सिंह लहल ने बताया कि कमल कुशहाल की शिकायत पर उसके पिता साहिब सिंह, दिनेश, सुरेश कुमार, कुलजिंदर सिंह एवं जयपाल सिंह के तहत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।