तरनतारन के थाना सरहाली के अधीन आते गांव कैरों में गर्मी से बचने के लिए नहर में नहाने गए पिता-पुत्र तेज बहाव में बह गए। थाना सरहाली की पुलिस गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कर रही है। नहर में डूबने वाले पिता के बड़े बेटे की तीन दिन बाद शादी है। परिवार की खुशियां अचानक मातम में तबदील हो गईं हैं।
यह भी पढ़ें: Moga: बस स्टैंड पर खालिस्तानी नारे लिखने के दो आरोपी गिरफ्तार, SFJ के आतंकी पन्नू के इशारे पर किया था काम
जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय गुरदित्त सिंह अपने पिता तजिंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी जौड़ा (48) के साथ नहर घराट कैरों में नहाने के लिए गया था। गर्मी से राहत लेने के लिए जब दोनों बाप-बेटा नहर में उतरे तो अचानक पानी का तेज बहाव दोनों को अपने साथ बहा ले गया। दोनों पानी में डूबने लगे तो आस-पास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश भी की, लेकिन कामयाब नहीं हुए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सरहाली की पुलिस गोताखोरों को लेकर घटना स्थल पर पहुंची। देर शाम तक दोनों बाप-बेटे की तलाश की गई। तजिंदर सिंह के बड़े बेटे गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसका पिता मजदूरी करता था। छोटा भाई गुरदित्त 10वीं की पढ़ाई कर रहा था। दो जुलाई को गुरप्रीत सिंह की शादी है। सभी परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।