फतेहगढ़ साहिब के सब-डिवीजन खमाणो में तैनात तहसीलदार हरफूल सिंह का एक बेबाक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में तहसीलदार बेखौफ कह रहे हैं कि ‘सिस्टम चलाऊण लई रिश्वत लैणी पैंदी ए की करिए’। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि एक विधायक ने नौकरी ज्वाइन कराने के लिए तीन लाख मांगे थे। फिर उन्होंने सफाई भी दी कि ये रिश्वत का पैसा सरकारी आयोजनों और सरकारी बेगार में जाता है। जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ तहसीलदार महोदय कनाडा पहुंच गए। वीडियो खमाणो के गांव संघोल के खेतों में बनी पानी की मोटर पर कुछ पत्रकारों ने बनाई है। इसमें तहसीलदार खुद रिश्वत के मामले में फंसने के डर से पत्रकारों से खबर न छापने की अपील करते नजर आ रहे हैं।
यह है मामला
तहसीलदार रिश्वत के दलदल में कितने धंसे हुए इसका खुलासा कांग्रेस किसान सेल के जिला प्रधान गुरसेवक सिंह लोहार माजरा ने किया है। गुरसेवक ने साथ ही मुख्यमंत्री से शिकायत करते हुए कहा है कि उनकी जमीन की रजिस्ट्री के बदले तहसीलदार हरफूल सिंह ने 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी है। रजिस्टरी कराने के लिए तहसीलदार ने गुरसेवक सिंह से पहले 10 हजार तथा बाद में पांच हजार रुपये मांगे। तहसीलदार ने कहा कि पांच हजार से कम बात नहीं बनेगी और न ही पत्रकारों को इसकी कोई जानकारी दी जाए। किंतु गुरसेवक सिंह ने तहसीलदार की करतूत मीडिया के सामने रख दी। तहसीलदार ने अपना पक्ष देने के लिए संघोल के खेतों में पत्रकारों को बुला लिया। वहां उन्होंने बेबाक अंदाज में यह सब कह डाला।
10 दिन की छुट्टी पर कनाडा गए तहसीलदार
एक जानकारी के अनुसार खमाणों के तहसीलदार हरफूल सिंह डीसी फतेहगढ़ साहिब से 10 दिनों की छुट्टी लेकर कनाडा चले गए हैं।