किसानों ने प्रदर्शन के माध्यम से विधायक को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों का समर्थन करते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया तो आने वाले समय में उनका हर गांव में काले झंडों से विरोध किया जाएगा। इस दौरान किसानों ने कहा कि भाजपा सरकार के विरोध में किसानों ने बबली व जजपा को वोट दिए थे लेकिन विधायक बनने के बाद बबली अपने स्वार्थवश भाजपा की गोदी में जाकर बैठ गए हैं। समय रहते नहीं संभले तो आने वाले समय में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इतना कहकर किसान वापस चले गए। इस दौरान ड्यूटी मैजिस्ट्रेट बीडीपीओ नरेंद्र सिंह, एक्सईन गौरव कंसल, डीएसपी बिरम सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस के जवान मौजूद रहे।
26 को जजपा प्रदेशाध्यक्ष के घर का घेराव
इस दौरान किसान नेताओं ने 26 दिसंबर को जजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना के पूर्व विधायक सरदार निशान सिंह के घर के घेराव का भी एलान कर दिया। किसानों ने कहा कि जजपा प्रदेशाध्यक्ष पर प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से समर्थन वापस लेने के लिए दबाव बनाया जाएगा।
सुरक्षा के मद्देनजर बंद करवाया पेट्रोल पंप
किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट नजर आया। प्रशासन की टीम हर जगह मौजूद रही। हिसार रोड स्थित निजी कंपनी के पेट्रोल पंप पर पुलिस की टीम तैनात रही। जब किसान कल्पना चावला पार्क से आगे बढ़े तो उनको आता देखकर सुरक्षा के तौर पर पेट्रोल पंप को बंद करवा दिया गया। जब तक किसान आगे नहीं बढ़े तब तक पुलिस पंप पर ही मुस्तैद खड़ी रही।