रेल डिवीजन फिरोजपुर ने 24 अक्तूबर से मालगाड़ियों की सेवाएं बंद कर दी हैं। मंडल रेल प्रबंधक राजेश अग्रवाल ने कहा कि उन्हें ट्रेनें चलाने के लिए ट्रैक बिल्कुल साफ चाहिए। जब चाहें किसान ट्रैक पर धरना देना शुरू कर दें, इस तरह से ट्रेनें नहीं चलाई जा सकती हैं। जब तक स्थिति पूर्णरूप से बहाल नहीं होती तब तक पंजाब से किसी भी मालगाड़ी का परिचालन नहीं किया जाएगा। यह रोक पहले 24-25 अक्तूबर तक थी, अब इसे 29 अक्तूबर तक बढ़ा दिया गया है।
डीआरएम ने कहा कि ट्रेन चलाने के नियम होते हैं। जिस ट्रैक से ट्रेन गुजरती है, उस सेक्शन के स्टेशनों पर उपलब्ध स्टाफ से फिरोजपुर कंट्रोल के अधिकारियों का संपर्क होता है। ट्रेन पायलट सिग्नल के जरिए ट्रेन चलाता है। कहीं भी ट्रेन रोक लें, ऐसा नियम रेलवे में नहीं होता है। जब तक ट्रैक क्लीयर नहीं होगा, मालगाड़ियां ट्रैक पर नहीं दौड़ सकेंगी। उन्होंने किसान संगठनों से अपील की है कि वे रेल ट्रैक और स्टेशनों को पूरी तरह खाली कर दें ताकि पंजाब की जनता को उत्तम रेल सेवा प्रदान की जा सके।