आंदोलन में किसानों को विदेश में बसे भारतीयों का भी समर्थन मिल रहा है। यूरोप के विभिन्न देशों में बसे भारतीय किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को लंदन में सेंट्रल वाल्मीकि सभा इंटरनेशनल यूके और इटली के ब्रेसिया में राजपूत यूनियन ने किसानों के पक्ष में प्रदर्शन किया।
सेंट्रल वाल्मीकि सभा इंटरनेशनल के पदाधिकारी एडवोकेट अश्विनी बगानिया ने बताया कि उनकी सभा के सदस्यों ने लंदन में एक कार रैली निकालकर दिल्ली बॉर्डर पर केंद्र सरकार के फैसलों के खिलाफ संघर्ष कर रहे किसानों का समर्थन किया है। उन्होंने आंदोलनकारी किसानों को भरोसा दिया है कि विदेश में रह रहा वाल्मीकि समाज भी इस लड़ाई में उनके साथ है।
बगानिया ने बताया कि लंदन के अलावा मंगलवार को इटली के ब्रेसिया शहर में भी भारतीय राजपूत समुदाय के लोगों ने आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में रैली निकाली और भारत सरकार से अपील की है कि वह किसानों की मांगें मानते हुए तीनों विवादित कानूनों को वापस ले।