हैफेड आउटलेट में बिकेंगे किसानों के उत्पाद।
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
किसान आंदोलन के बीच हरियाणा से एक अच्छी खबर है। प्रदेश में अब किसानों के उत्पाद हैफेड आउटलेट पर बिकेंगे। किसानों की आय बढ़े, इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है। इसी के तहत सरकार और किसान उत्पादक संगठनों के बीच एक समझौता भी हुआ है।
हरियाणा सरकार ने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के उत्पादों को अब हैफेड के बिक्री केंद्रों (आउटलेट) के माध्यम से उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाने को निर्णय लिया है।
हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल की उपस्थिति में हैफेड कारपोरेट कार्यालय में हरियाणा राज्य सहकारी आपूर्ति एवं विपणन प्रसंघ लिमिटेड (हैफेड) और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि किसानों की आय को दोगुना करने के उद्देश्य से किसान उत्पादक संगठनों को हैफेड का मंच प्रदान किया जा रहा है। हैफेड की बाजार में काफी प्रसिद्धि है इसलिए उन्होंने ऐसे सभी एफपीओ से आग्रह भी किया कि वे अपने उत्पादों की उच्च गुणवत्ता को बरकरार रखें।
डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि हरियाणा के किसान उत्पादक संगठनों को सहायता प्रदान करने के मद्देनजर हैफेड ने शहद, मुरब्बा (आंवला मुरब्बा), सेब मुरब्बा, हरड़ मुरब्बा, अदरक मुरब्बा, लहसुन मुरब्बा को अपने उपभोक्ता उत्पादों को उपलब्ध करवाने के लिए किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को विपणन सहायता देने का निर्णय लिया है।