ग्रामीण इलाके के लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा गुरदासपुर शहर में सफाई व्यवस्था ठीक रखने के लिए जिला योजना बोर्ड की चेयरपर्सन नीलम महंत की अध्यक्षता में मीटिंग आयोजित की गई। मीटिंग में मुख्य खेती बाड़ी अधिकारी, डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन, जिला आयुर्वेदिक व यूनानी अधिकारी तथा नगर काउंसिल के ईओ विशेष रूप में शामिल हुए।
मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी ने बताया कि विभाग द्वारा किसानों को सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए डेरा बाबा नानक, बटाला व काहनुवान में मिट्टी परख लैब चलाई जा रही थी। बावजूद इसके धनाभाव के चलते अब केवल बटाला में ही यह लैब चल रही है। जबकि दो बंद हैं। यदि योजना बोर्ड फंड उपलब्ध कराए तो अन्य दो लैब भी चलाए जा सकते हैं।
जिला आयुर्वेदिक व युनानी अधिकारी ने बताया कि उनके द्वारा दवाएं दी जाती हैं। उससे किसी तरह का नुकसान नहीं होता। उनकी प्राथमिकता यही रहती है कि पिछड़े इलाकों तथा गंदी बस्तियों में कैंप लगाए जाएं। इस तरह के कई कैंप लगाए भी गए हैं। जबकि डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन विभाग ने बताया कि हमारा विभाग बेहतर किस्म की नस्ल के पशु तैयार करने के लिए कोशिश करता है।
इसके लिए तीन माह की ट्रेलिंग भी दी जाती है। इसी तरह ईओ नगर काउंसिल ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए हम सफाई की तरफ विशेष ध्यान दे रहे हैं। मच्छर मारने के लिए फॉगिंग मशीन से हर इलाके में फॉगिंग की जा रही है। चेयरपर्सन ने अधिकारियों को कहा कि वे लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने की कोशिश करें।