अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ‘उन्नत किसान’ मोबाइल ऐप के जरिये किसान अब फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) की मशीनें घर बैठे ही बुक कर सकेंगे। उन्हें मालूम चल जाएगा कि मशीनें उन्हें किस दिन और किस समय उपलब्ध होंगी। इसके लिए 85,000 से अधिक इन-सीटू और एक्स-सीटू सीआरएम मशीनों की मैपिंग की गई है। यह मोबाइल ऐप एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है, जिसे किसानों तक मशीनों की पहुंच को और आसान बनाने के लिये तैयार किया है। पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने वीरवार को बताया कि प्रत्येक मशीन को खेती योग्य क्षेत्र के अनुसार जियो टैग किया गया है, जिससे फसल अवशेष प्रबंधन गतिविधियों की निगरानी आसान हो जाती है।
कृषि मंत्री ने बताया कि 5,000 से अधिक ग्राम स्तरीय फैसिलिटेटर (वीएलएफ) और क्लस्टर अधिकारी (सीओज) नियुक्ति किए गए हैं, जो किसानों को जमीनी स्तर पर सहायता प्रदान करने के साथ-साथ गतिविधियों की निगरानी करेंगे। ऐप में एक रीयल-टाइम डैशबोर्ड है, जो मशीनों के उपयोग और फील्ड अधिकारियों की गतिविधियों की सटीक निगरानी सुनिश्चित करता है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रबंधकीय सचिव डॉ. बसंत गर्ग ने ‘उन्नत किसान’ ऐप किसानों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कहा कि यह ऐप किसानों को सीआरएम मशीनरी तक आसान पहुंच उपलब्ध करा रहा है।