फरीदकोट रियासत के आखिरी महाराजा हरिंदर सिंह बराड़ की छोटी बेटी दीपइंद्र कौर मेहताब (82) का रविवार दोपहर निधन हो गया। वह पश्चिम बंगाल के वर्धमान राजघराने में विवाहित थी और इन दिनों फरीदकोट आई हुई थी। उन्होंने रियासती राजमहल में दोपहर 12:40 बजे अंतिम सांस ली। उस समय उनकी बेटी निशा और बेटा जयचंद मेहताब भी मौके पर मौजूद थे। उनका अंतिम संस्कार 12 नवंबर सोमवार को दोपहर 12 बजे शाही समाधि में शाही सम्मान और धार्मिक रीति रिवाज के साथ किया जाएगा।
महाराजा हरिंदर सिंह बराड़ के घर तीन बेटियों और एक बेटे ने जन्म लिया था। इनमें से बेटे की मौत तो महाराजा के जीवित रहते हुए ही हो गई थी जबकि एक बेटी महीपइंद्र कौर का करीब 16 साल पहले निधन हो गया था। फरीदकोट रियासत के नाम पर देश के विभिन्न हिस्सों में करोड़ों रुपये की चल अचल संपत्ति है, जिसकी निगरानी के लिए महाराजा हरिंदर सिंह बराड़ की वसीयत के मुताबिक महारावल खेवाजी ट्रस्ट बना हुआ है, जिसकी चेयरपर्सन भी दीपइंद्र कौर मेहताब थी।
हालांकि दीपइंद्र कौर, हर साल सितंबर में आयोजित होने वाले बाबा फरीद मेले में शिरकत करने के लिए फरीदकोट आती थी लेकिन इस बार वह मेले में नहीं पहुंच पाई थी। 17 अक्तूबर को अपने पिता के बरसी समागम में भाग लेने के लिए 11 अक्तूबर को फरीदकोट आई थी। इस दौरान वह यहां अचानक बीमार हो गई और रविवार को उनका निधन हो गया।