एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के साथ फाइटर पायलट प्रिया शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
मिग के साथ-साथ सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम के विमान हॉक एमके-132 जेट ने भी आसमान में हैरतअंगेज कारनामे दिखाए। अभ्यास के दौरान करीब पौने घंटे तक एयर शो का आयोजन किया गया। इसी के चलते नागरिक एयरपोर्ट में विमानों के पहिए भी लगभग दो घंटे तक थमे रहे। मिग को विदाई देने के लिए तेजस और सूर्यकिरण के साथ-साथ आगरा से आकाशगंगा की टीम भी पहुंच गई है जबकि लड़ाकू विमान जगुआर भी मिग के एयर शो में मौजूद रहेंगे।
आकाशगंगा के जांबाज डाइवर्स 8000 फीट की ऊंचाई से कूदकर मिग को स्काई सैल्यूट देंगे। यह खतरनाक कारनामा करने वाले डाइवर्स आगरा से चंडीगढ़ पहुंच हैं। इन डाइवर्स को एएन-32 के जरिये आसमान तक पहुंचाया जाएगा जिसके बाद ये वायु योद्धा तिरंगा और इंडियन एयरफोर्स के फ्लैग के साथ कूद जाएंगे। इसके बाद सूर्यकिरण एरोबेटिक की टीम का जलवा भी आसमान में देखने लायक होगा।
रक्षामंत्री, सीडीएस, तीनों सेनाओं के प्रमुख रहेंगे मौजूद
मिग-21 के अलविदा कहने के लिए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सीडीसी अनिल चौहान समेत वायुसेना अध्यक्ष एपी सिंह, सेनाध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी व जल सेना अध्यक्ष दिनेश कुमार त्रिपाठी भी पहुंच रहे हैं। उनके साथ-साथ छह पूर्व वायुसेना अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा वायु सेनाकर्मी एक विशेष ड्रिल भी प्रस्तुत करेंगे। बुधवार को इसका भी अभ्यास किया गया।