न्याय नहीं मिला तो चार परिवारों ने हिन्दू धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल कर लिया। धर्म परिवर्तन का यह मामला हरियाणा के हिसार का है। ये परिवार डीजीपी कार्यालय में आत्महत्या की कोशिश करने वाले सुनील सरदाना से जुड़े हुए हैं।
इनका आरोप है कि पंचकूला पुलिस ने सुनील के खिलाफ मामला दर्ज कर उसके पूरे परिवार को ही जेल में डाल दिया था लेकिन आत्महत्या के लिए मजबूर करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
देव वाटिका निवासी सुनील सरदाना के भाई शुभम सरदाना ने बताया कि न्याय न मिलने पर वीरवार को उन्होंने, उनके पिता-माता, बहनों, मौसी, मामा, मौसेरे और ममेरे भाई सहित चार परिवारों के 12 सदस्यों ने हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम धर्म अपना लिया। एक मौलवी ने कलमा पढ़वा कर धर्म परिवर्तन कराया है।
शुभम ने बताया कि उन्होंने 10 सितंबर को राज्यपाल हरियाणा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री को कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा था। हमने पंजाबी समुदाय के धर्म गुरु स्वामी धर्मदेव, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, सुभाष सुधा विधायक कुरुक्षेत्र को भी अवगत करवाया था लेकिन किसी ने भी हमारी सुध नहीं ली।