चंडीगढ़। साइबर ठगों ने यातायात पुलिस में तैनात इंस्पेक्टर रंजीत सिंह की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उनके करीबियों को ठगने की कोशिश की। मामले का खुलासा होने पर उन्होंने इंस्पेक्टर रंजीत सिंह ने फेसबुक पर संदेश डालकर लोगों को इसकी जानकारी दी। साथ ही साइबर पुलिस को शिकायत भी दी।
शनिवार सुबह रंजीत सिंह को उनके एक दोस्त ने फोन कर बताया कि उनके फेसबुक आईडी से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे उसने स्वीकार कर ली। इसके बाद मैसेंजर के जरिए पहले उससे हालचाल पूछा गया। फिर दस हजार रुपयों की मांग की गई। दोस्त की बात सुनकर इंस्पेक्टर रंजीत सिंह हक्का-बक्का रह गए और फौरन उन्होंने अपनी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज लिखकर सभी दोस्तों को सतर्क किया और फर्जी फेसबुक आईडी की जानकारी देकर पैसे न देने की सलाह दी।
बता दें कि इससे पहले सारंगपुर थाना प्रभारी लखबीर सिंह, पूर्व एसपी रोशनलाल, पूर्व डीएसपी जगबीर सिंह, मेयर रविकांत शर्मा, डीएसपी दिलशेर सिंह चंदेल, इंस्पेक्टर अशोक कुमार, वकील अजय जग्गा, एमसीएम डीएवी की प्रिंसिपल डॉ. निशा भार्गव समेत अन्य की फर्जी आइडी बनाकर ठगी करने की कोशिश हो चुकी है।
बॉक्स
जांच में जुटी साइबर सेल पुलिस
बता दें कि पिछले करीब एक साल से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाला गिरोह सक्रिय है और लगातार शहर के चर्चित लोगों की आईडी बनाए जा रहा है। बावजूद इसके साइबर सेल इस गिरोह पर शिकंजा कसने में नाकामयाब है। हालांकि लोगों की सतर्कता की वजह से ठग अपने मंसूबों पर कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। वहीं, साइबर सेल की जांच में कई केसों में सामने आया कि फर्जी फेसबुक आईडी को अलग-अलग जगह से संचालित किया जा रहा है।