संगरूर में पत्रकारों को जानकारी देते एसएसपी डा. संदीप गर्ग।
जिला पुलिस व सेहत विभाग की टीम ने नकली दूध बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। टीम ने फैक्ट्री से सात हजार लीटर नकली दूध व अन्य सामान बरामद किया है। साथ ही तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार करके मामला दर्ज किया है। फैक्टरी से पंजाब व हरियाणा में नकली दूध व दूध से बनी अन्य वस्तुओं की सप्लाई की जाती थी।
एसएसपी डा. संदीप गर्ग ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वरिंद्रपाल सिंह निवासी न्यू फ्रेंड्स कालोनी संगरूर गांव सोहियां में दूध की फैक्ट्री चला रहा है। वह नकली दूध तैयार करके लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इस पर सब इंस्पेक्टर कर्मजीत सिंह ने सहायक फूड कमिश्नर और चरणजीत सिंह फूड सेफ्टी अधिकारी जिला मानसा के साथ फैक्ट्री में छापा मारा।
पुलिस और सेहत विभाग की टीम ने वरिंद्रपाल की फैक्ट्री से 7 हजार लीटर मिलावटी दूध, एक ड्रम प्से 200 लीटर सोरबीटोल तेल, 18 टीन वनस्पति घी और मिलावटी मैटेरियल, एक मिक्सर ग्रेंडर, मिलावटी दूध तैयार करने वाला तरल पदार्थ, एक ग्रे रंग का टीन ड्रम जिसमें 175 लीटर आरएम,11 थैले ग्लूकोज पाउडर बरामद किया। इन सभी वस्तुओं के सेंपल सेहत विभाग की टीम ने लिए।
एसएसपी गर्ग ने बताया कि पुलिस ने वरिंद्रपाल सिंह निवासी संगरूर, राम सिंह निवासी बड़बर और बलजिंद्र सिंह निवासी संतईशर सिंह नगर संगरूर को गिरफ्तार कर लिया है। वरिंद्रपाल पिछले काफी समय से नकली दूध बड़े स्तर पर सप्लाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि सेहत व फूड विभाग की ओर से पहले भी 6 बार छापामारी की जा चुकी है। पूछताछ दौरान पता चला है कि आरोपी पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में नकली दूध की सप्लाई करते थे।